नवरात्रि

नवरात्रि का उत्सव
सिर्फ उत्सव नहीं, ये है ज़रूरत
समाज में नई शक्ति का संचार हो
तभी सफल ये नवरात्रि का त्योहार हो

शिक्षा पे सबका ज़ोर हो
साक्षरता चहुँ ओर हो
ज्ञान के बूढ़े वृक्ष हों और
विज्ञान की नई बौर हो
ज्ञान की देवी सरस्वती, हर नगर हर द्वार हो
तभी असल में सफल ये नवरात्रि का त्योहार हो

आक्रमणकारी दुश्मनों से
अपने देश की रक्षा हो
घर में घूमते शैतानों से
लड़कियों की सुरक्षा हो
शक्ति की देवी काली, घर में हो सीमा पार हो
तभी असल में सफल ये नवरात्रि का त्योहार हो

आय बढ़े, संसाधन बढें
हरे भरे वन उपवन बढें
रोजगार के अवसर हों
विकास हो, निर्माण बढें
धन की देवी लक्ष्मी का, हर राह पर विस्तार हो
तभी असल में सफल ये नवरात्रि का त्योहार हो
-विभा

Comments

Popular posts from this blog

सावन की खूबसूरती

2 अक्टूबर